Translate

Monday, 29 July 2013

वोट बैंक की राजनीति कर रही है कांग्रेस



कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि सत्ताधारी पार्टी के इसी दृष्टिकोण के कारण देश की सुरक्षा चिन्ता का विषय बन गयी है और राष्ट्र असहाय हो गया है।

मुख्य विपक्षी दल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने वोट बैंक राजनीतिक के लिए बटला हाउस मुठभेड को लेकर संदेह व्यक्त करते हुए बयानबाजी की लेकिन अब वह मुठभेड सही निकली।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली ने पार्टी की महिला मोर्चा की बैठक में आज कहा कि जब तक कांग्रेस देश की सुरक्षा को सुरक्षा मुद्दे से जोडकर इसे वोट बैंक की राजनीति से अलग नहीं कर देती, तब तक देश की सुरक्षा चिन्ता का विषय बना रहेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सुरक्षा को सुरक्षा मुद्दे से नहीं जोड रही है बल्कि इसे वोट बैंक राजनीति से जोड रही है। जेटली ने कहा कि संप्रग सरकार ने देश को असहाय कर दिया है। कमजोर बना दिया है। यहां तक कि छोटे राष्ट्र भी भारत को आंखें दिखा रहे हैं।

उन्होंने बटला हाउस मुठभेड में मारे गये या आरोपियों के परिजनों से सहानुभूति व्यक्त करने के लिए कांग्रेस नेताओं की उनसे मुलाकात पर सवाल उठाये। जेटली ने कांग्रेस नेताओं से ये सवाल भी किया कि क्या वे मुठभेड में शहीद हुए पुलिस वालों के परिजनों से कभी मिलने गये।

जेटली ने कहा कि देश की सुरक्षा की स्थिति ऐसी है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार की नीतियों के कारण देश असुरक्षित महसूस कर रहा है।

No comments:

Post a Comment