वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के विरोध के बावजूद भाजपा ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना तय कर लिया है। खबरों के मुताबिक इसी के चलते मोदी अहमदाबाद से दिल्ली आ रहे हैं। वह वहां से तीन बजे फ्लाइट से निकलेंगे। मुहूरत निकल गया है। पटाखे, लड़ियां और फुलझड़ियां मंगाई जा चुकी हैं। मीडिया की निर्भया कांड में सजा सुनाये जाने की व्यसस्ता के बीच मोदी नाम के ऐलान की तैयारी प्राथमिक तौर पर पूरी की जा चुकी है। शाम को पांच बजे भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई गई है। संसदीय बोर्ड की बैठक में लालकृष्ण आडवाणी आयें आ न आयें। उनका विरोध जारी रहे या बंद हो जाए। अब कुछ रूकनेवाला नहीं है। शाम पांच बजे संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद छह सवा छह बजे के आस पास मीडिया की भारी भरकम मोजूदगी में पीएम इन वेटिंग का कैंडिडेट बदल जाएगा। आडवाणी की बजाय मोदी अब भाजपा के नये पीएम इन वेटिंग घोषित कर दिये जाएंगे।
हालांकि इसके बावजूद भी आडवाणी से मेल मुलाकात का दौर जारी है। कल भी नितिन गडकरी ने उनसे मुलाकात की थी आज भी मुलाकात कर रहे हैं। भाजपा के भीतर कोशिश है कि मोदी के नाम पर आडवाणी की सहमति ले ली जाए। लेकिन आडवाणी खुद क्या राजनीतिक चाल सोचकर बैठे हैं यह तो संसदीय बोर्ड की बैठक में आने या न आने पर निर्भर करेगा। वैसे राजनाथ सिंह के फरमान के बाद भी भाजपा संसदीय बोर्ड के एक वरिष्ठ सदस्य डॉ मुरली मनमोहर जोशी अनुपस्थित रह सकते हैं। खबर है कि वे सागर की तरफ रवाना हो गये हैं।
लेकिन तैयारियों में कोई कमी नहीं है। शाम को भाजपा कार्यालय पर खुद मोदी की मौजूदगी भी रह सकती है। और केवल केन्द्रीय कार्यालय में ही नहीं बल्कि राज्यों के कार्यालयों में भी शाम को जलसे करने का एलर्ट भेजा गया है और सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को भाजपा कार्यालयों में मौजूद रहने का निर्देश भी दिया गया है। जो इस बात का संकेत है कि शाम को भाजपा अपना भविष्य घोषित कर देगी।
No comments:
Post a Comment